अंबेडकरनगर के अकबरपुर स्टेशन पर बुधवार को ट्रेनों का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
खराब मौसम ने ट्रेनों की रफ्तार पर भी अंकुश लगा दिया है। फरक्का अप व डाउन एक्सप्रेस तथा मरुधर अप एक्सप्रेस निरस्त होने से 35 यात्रियों को टिकट कैंसिल कराना पड़ा। तीन एक्सप्रेस ट्रेनों के निरस्त होने व चार एक्सप्रेस के पांच से 24 घंटे तक विलंब से अकबरपुर पहुंचने की जानकारी से यात्रियों को कड़ाके की ठंड में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे अकबरपुर पहुंचने वाली फरक्का डाउन व अपराह्न दो बजकर 15 मिनट पर पहुंचने वाली फरक्का अप एक्सप्रेस के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को दी गई। इससे पहले मंगलवार देर शाम सात बजकर 40 मिनट पर अकबरपुर आने वाली मरुधर अप एक्सप्रेस भी निरस्त हो चुकी थी।
नतीजतन इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले सैकड़ों लोगों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ा। ज्यादातर यात्रियों ने जहां अन्य ट्रेन का सहारा लिया तो वहीं कुछ ने यात्रा ही रद्द कर दी। 35 यात्रियों को टिकट कैंसिल कराना पड़ा।
उधर पटना-कोटा अप एक्सप्रेस मंगलवार शाम निर्धारित समय सात बजकर 10 मिनट से 24 घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंचने की जानकारी यात्रियों को दी गई। दून डाउन एक्सप्रेस बुधवार दोपहर निर्धारित समय 12ः20 बजे से पांच घंटा तो साबरमती अप एक्सप्रेस निर्धारित समय 5ः20 बजे से पांच घंटा देरी से पहुंचने की जानकारी सूचना पट पर दी गई।
इसी प्रकार किसान डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय 4ः30 बजे से चार घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंचने की जानकारी यात्रियों को दी गई। तीन ट्रेनों के निरस्त होने एवं चार ट्रेनों के घंटों विलंब से पहुंचने के चलते लोगों को कड़ाके की ठंड में परेशान होना पड़ा।