लगातार खराब हो रहे मौसम के चलते ट्रेनों के निरस्त होने से लोग हलाकान हैं। जानकारी के अभाव में स्टेशन पहुंचे संबंधित ट्रेन के यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रविवार को 23 यात्रियों को आरक्षण टिकट कैंसिल कराना पड़ा तो कई लोगों को दूसरी ट्रेन का सहारा लेना पड़ा। उधर आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें 10 से 30 घंटे तक विलंब से चलीं।
इससे यात्रियों को घंटों ट्रेन का इंतजार करने की मजबूरी बन गई। गौरतलब है कि घने कोहरे का प्रकोप बढ़ने के साथ ही ट्रेनों के घंटों लेट व निरस्त होने का दौर भी शुरू हो गया। रविवार 18 दिसंबर से रेलवे प्रशासन ने मऊ-आनंद विहार अप व डाउन एक्सप्रेस 15 जनवरी तक के लिए निरस्त कर दी।
ट्रेन के निरस्त होने की जानकारी मात्र सूचना पट पर दिए जाने के चलते इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले लोग बड़ी संख्या में अकबरपुर स्टेशन पहुंचे। यहां उन्हें जानकारी हुई कि ट्रेन लंबे समय के लिए निरस्त कर दी गई है। इससे उनमें रेलवे प्रशासन के विरुद्ध आक्रोश फैल गया। उनका कहना था कि यदि समय रहते ट्रेन निरस्त होने की जानकारी मिल गई होती तो वे पहले से ही आवश्यक प्रबंध कर लेते।
इस बीच इंटरसिटी अप व डाउन एक्सप्रेस का भी संचालन घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 17 दिसंबर से 15 जनवरी तक स्थगित रखने का निर्णय लिया। उधर खराब मौसम के चलते आधा दर्जन ट्रेनें 10 से 30 घंटे तक विलंब से चलीं।
कोटा-पटना अप एक्सप्रेस रविवार सुबह निर्धारित समय 6 बजकर 55 मिनट से 14 घंटे तो डाउन एक्सप्रेस शनिवार रात निर्धारित समय 9 बजकर 45 मिनट से 30 घंटा विलंब से चलने की जानकारी यात्रियों को दी गई।
उत्सर्ग अप एक्सप्रेस शनिवार देर रात्रि निर्धारित समय एक बजकर 55 मिनट से 8 घंटा तो उाउन एक्सप्रेस रविवार पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट से 6 घंटा विलंब से चलने की जानकारी सूचना पट पर दी गई। मरुधर डाउन एक्सप्रेस रविवार सुबह निर्धारित समय 7 बजकर 30 मिनट से 6 घंटा तो साबरमती अप एक्सप्रेस निर्धारित समय शनिवार शाम 5 बजकर 30 मिनट से 15 घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची।
दून अप एक्सप्रेस निर्धारित समय रविवार अपराहन एक बजकर 20 मिनट से तीन घंटा तो फरक्का अप एक्सप्रेस निर्धारित समय रविवार दोपहर 2 बजकर 30 मिनट से 2 घंटा विलंब से पहुंची। सरयू यमुना डाउन एक्सप्रेस रविवार सुबह 9 बजकर 43 मिनट से 6 घंटा तो कैफियात डाउन एक्सप्रेस रविवार सुबह निर्धारित समय 6 बजकर 45 मिनट से 8 घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।