अंबेडकरनगर के प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर में स्कूल चलो रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं नगर प?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। शत-प्रतिशत साक्षरता से ही समाज व देश का विकास हो सकता है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को विद्यालय में बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए भेजें। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के लिए केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसका सभी को बढ़-चढ़कर लाभ उठाना चाहिए। यह बातें शनिवार को अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुुप्ता ने कहीं। वे बीआरसी कार्यालय से सर्व शिक्षा अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के दौरान लोगों को संबोधित कर रही थीं। बाद में मेधावियों को पुरस्कृत भी किया गया।
नए शिक्षा सत्र पर शासन के निर्देश पर जिले में जगह-जगह सर्व शिक्षा अभियान के तहत जागरूकता रैली निकालकर अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बीआरसी कार्यालय शिवबाबा से सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल चलो अभियान को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। मुसहर बस्ती तक गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा हासिल हो सके, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में इसका सभी को लाभ उठाना चाहिए। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें।
बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी समाज व देश का विकास तेजी से हो सकता है, जब शत-प्रतिशत साक्षरता होगी। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को जरूर पढ़ाएं। बाद में कंपोजिट विद्यालय मुसहर बस्ती में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर एआरपी देवेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश गुप्ता, उपेंद्र प्रताप सिंह, सत्यदेव सिंह, इरशाद अहमद, सुनील श्रीवास्तव, डा. विजयचंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।