अंबेडकरनगर। जिले में खरीफ विपणन वर्ष के तहत धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार से पांच क्रय एजेंसियों के 115 केंद्रों पर किसानों से धान की खरीद शुरू होगी। एक नवंबर को रविवार होने के कारण केंद्रों पर खरीद नहीं होगी। शासन ने इस वर्ष जिले में 1,61,500 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है।
डीएम ईशा प्रिया ने बताया कि शासन की ओर से कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा किसानों को धान की सफाई और उतराई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त धनराशि भी मिलेगी, जिसका भुगतान सरकार करेगी।
किसानों की सुविधा के लिए सभी अनुमोदित क्रय केंद्रों पर आवश्यक उपकरण और मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार केंद्रों का संचालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु होनी चाहिए तथा किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
धान खरीद से जुड़ी शिकायत या जानकारी के लिए किसान जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 7839565051 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा शासन के टोल फ्री नंबर 18001800150 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।