टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका टांडा के मुबारकपुर मोहल्ले में करीब 40 लाख की लागत से बना ओवरहेड टैंक बिना प्रयोग के खड़ा है। तीन वर्ष पहले बने इस टैंक को प्रयोग में लाने के लिए पाइपलाइन अब तक नहीं बिछाई गई। यह हाल तब है जब टांडा नगर में पेयजल आपूर्ति के नाम पर करीब 57 करोड़ रुपये से काम होने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
नगर पालिका परिषद टांडा के तीन वार्ड मुबारकपुर मोहल्ले के अन्तर्गत आते हैं। इनकी आबादी 25 हजार से अधिक है। यहां नगर पालिका गठन के करीब 107 वर्ष बाद भी पेयजल आपूर्ति की सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है। करीब तीन वर्ष पहले मोहल्ले के लोगों को पेयजल आपूर्ति का लाभ देने के लिए टांडा बसखरी मार्ग पर पुन्थर में ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया था। जल निगम ने ओवरहेड टैंक का निर्माण तो करा दिया लेकिन पाइपलाइन बिछाकर हैंडओवर करने की जरूरत नहीं समझी। इसके चलते तीन वर्ष से यह टैंक बिना किसी काम के बेकार पड़ा है।
एक तरफ लाखों रुपये खर्च कर बने इस ओवरहेड टैंक का लाभ लोगों को दिलाने की सुध नहीं है तो वहीं जल जीवन मिशन के तहत नगर में 57 करोड़ रुपये से पेयजल योजना पर नया काम शुरू कराए जाने की तैयारी है। इस प्रक्रिया को लेकर मुबारकपुर के लोगों ने नाराजगी जताई है। कहा कि सिर्फ सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। पहले से जो संसाधन उपलब्ध हैं उन्हें बेहतर करने की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रशासन को पहले अधूरे पड़े इस कार्य को पूरा कराकर आपूर्ति शुरू कराना चाहिए। स्थानीय पंकज कुमार व रत्नेश ने प्रशासन से मामले को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पाइपलाइन के लिए बनाया गया प्रस्ताव
नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन का कार्य जल निगम ने नहीं कराया। लंबा समय बीत जाने के बावजूद कार्य न होने पर अब नगर पालिका ने स्वयं काम कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। इसको शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने पर पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कराकर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
- डॉ. आशीष सिंह अधिशाषी अधिकारी, टांडा