बताते चलें कि बीते 2 दिसंबर से अकबरपुर चीनी मिल में गन्ना पेराई का कार्य
प्रारंभ हुआ है। तब से लगातार गन्ना लदे ओवर लोडेड ट्रक व ट्रैक्टर ट्रॉली
अकबरपुर नगर से होकर गुजर रही हैं।
दुर्घटना को दावत देते इस प्रकार के वाहनों पर किसी प्रकार की कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन तनिक भी गंभीर नहीं हो रहा है। नतीजा यह है कि इस प्रकार से एक तरफ जहां जाम की समस्या उत्पन्न होती रहती है, वहीं ओवर लोडेड होने के चलते विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त होते रहते हैं।
ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर आम लोगों द्वारा आए दिन मांग भी की जा रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसी का नतीजा रहा कि सोमवार सुबह अकबरपुर पुराने तहसील के निकट गन्ना लदी ओवर लोडेड ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। उस समय सड़क पर अधिक आवागमन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रॉली के पलटने से अकबरपुर फैजाबाद मार्ग काफी देर तक बाधित रहा। लोगों का कहना है कि यदि इस प्रकार से ओवर लोडेड वाहनों के विरुद्ध समय रहते कार्रवाई न की गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।