कटेहरी। बसपा से बाहर किए गए पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक लालजी वर्मा ने कहा कि विरोधियों ने उन्हें नीचा दिखाने की भरपूर कोशिश की है। क्षेत्र व यहां की जनता के हित को देखते हुए कुछ दिनों में आगे का निर्णय लिया जाएगा।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि विरोधियों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि हम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से चार बार मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन यह बात पूरी तरह गलत है। हम पार्टी से निष्कासित होने के बाद भी अपना पक्ष रखने के लिए मायावती जी से बात करने के लिए कई बार कोशिश करते रहे, लेकिन हमारा फोन रिसीव नहीं हुआ।
कहा कि हम तो राजनीति से संन्यास लेने के मूड में थे, लेकिन शुभचिंतकों ने हमें ऐसा नहीं करने दिया। समर्थकों की भारी भीड़ से उत्साहित पूर्व मंत्री ने कहा कि मेरे ऊपर बिरादरी को आगे न बढ़ने देने का भी आरोप लगाया गया, लेकिन सच्चाई यह है कि मैंने कई लोगों आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा व 2024 के लोकसभा चुनाव में सांसद रितेश पांडेय व घनश्याम चंद्र्र खरवार को हमारी ताकत का एहसास हो जाएगा। उन्होंने बहुत से उदाहरण देकर बसपा के उत्थान में अपनी भूमिका के बारे में बताया। कहा कि बसपा के कुछ लोगों ने मुझे नीचा दिखाने की कोशिश की है।