अंबेडकरनगर। दो क्षेत्र पंचायत सदस्य व एक ग्राम प्रधान समेत कुल 96 पदों के लिए शनिवार को जिले के 30 मतदान केंद्रों के 30 बूथों पर मतदान होगा। सुबह 7 बजे से प्रारंभ होने वाले मतदान को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए शुक्रवार को ही प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लीं।
शुक्रवार को 30 पोलिंग पार्टियां संबंधित बूथों के लिए रवाना हो गईं। इससे पहले जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन में 30 पोलिंग पार्टियों के 120 कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। कहा गया कि मतदान के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराना जरूरी होगा। उधर, मतदान प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सभी तैयारियां पूरी कर लीं। संबंधित मतदान केंद्रों पर पुलिस के साथ-साथ पीएसी की भी तैनाती की गई है।
जिले के 30 मतदान केंद्रों के 30 मतदेय स्थलों पर शनिवार को होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर शुक्रवार को ही प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लीं। बीते दिनों हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 382 ग्राम पंचायतों में पंचायत सदस्य के 4109 पदों पर किसी भी प्रत्याशी ने अपनी दावेदारी नहीं की थी। इससे संबंधित पद रिक्त चल रहे थे। इसके अलावा भीटी विकास खंड के डांड़ीडीहा व रामनगर विकास खंड के चकपुरवा गांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक-एक पद रिक्त थे।
इसके साथ ही टांडा विकास खंड के गौरा गूजर व अकबरपुर विकास खंड में भगौतीपुर में नव निर्वाचित ग्राम प्रधान के निधन से यह दोनों पद रिक्त हो गए थे। बीते दिनों हुई नामांकन प्रक्रिया के बाद टांडा विकास खंड के गौरा गूजर में मात्र एक नामांकन होने से ग्राम प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
इसके अलावा ज्यादातर ग्राम पंचायत सदस्य भी निर्विरोध चुन लिए गए। ऐसे में मात्र अकबरपुर विकास खंड में भगौतीपुर में ग्राम प्रधान के एक, जबकि भीटी व रामनगर में एक-एक क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 93 पदों पर दो से अधिक प्रत्याशी होने से 12 जून को मतदान होना है। ऐसे में कुल 96 पदों के लिए शनिवार को 30 मतदान केंद्र के 30 मतदेयस्थल पर शनिवार को सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। मतदान प्रक्रिया को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गईं।
पोलिंग पार्टियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
शनिवार को होने वाली मतदान प्रक्रिया को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन से 30 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। देर शाम तक पोलिंग पार्टियों में शामिल 120 कर्मचारियों ने अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लीं। न सिर्फ बैरिकेडिंग की, बल्कि रस्सी बांधकर महिला व पुरुष की तख्ती भी लगा दी। इससे पहले सभी 120 कर्मचारियों को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराने का निर्देश दिया गया। उन्हें बताया गया कि यदि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को दें।
पूरी कर ली गईं सभी तैयारियां
एक ग्राम प्रधान, दो क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत कुल 96 पदों के लिए शनिवार को 30 केंद्रों के 30 बूथों पर मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं।
डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम