अंबेडकरनगर। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अंबेडकरनगर जिले में चार नई प्रेरणा कैंटीन खोलने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, लेकिन बजट जारी न होने के कारण इनका संचालन फिलहाल रुका हुआ है। कैंटीन संचालन के लिए स्वयं सहायता समूहों का चयन और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, लेकिन पोर्टल के अपडेशन में बजट फंस जाने से यह योजना अधर में लटकी हुई है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और उनकी आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना है। शासन द्वारा प्रत्येक प्रेरणा कैंटीन के संचालन के लिए स्वयं सहायता समूहों को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त, कैंटीन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक शेष धनराशि का निवेश स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाता है। इस वित्तीय सहयोग से महिलाएं बिना अधिक आर्थिक बोझ के अपना स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं। डीसी स्वतः रोजगार, सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कैंटीन संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। हालांकि, पोर्टल अपडेट न होने के कारण बजट जारी नहीं हो सका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बजट प्राप्त होते ही चारों प्रेरणा कैंटीनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
यहां खुलनी हैं प्रेरणा कैंटीन
शिवबाबा धाम, कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन और श्रवण क्षेत्र शामिल हैं। इन स्थानों पर कैंटीन संचालन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। विशेष रूप से, शिवबाबा धाम स्थित प्रेरणा कैंटीन को लेकर सभी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं।