अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी के लिए शिक्षा विभाग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय में ऑनलाइन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिससे सभी परीक्षा केंद्रों के हर कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे को राउटर के माध्यम से जोड़ दिया गया है। इस नई व्यवस्था से नकल माफिया पर अंकुश लगाया जा सकेगा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल हो रहे 79 हजार 361 परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में कोई तकलीफ न हो इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 117 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए शासन के निर्देशानुसार डीआईओएस कार्यालय ने सभी जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में इस बार कुल 79 हजार 361 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाईस्कूल के 44 हजार 449, जबकि इंटरमीडिएट के 34 हजार 912 परीक्षार्थी शामिल हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा को सकुशल व नकल विहीन बनाने के लिए इस बार डीआईओएस कार्यालय में ऑनलाइन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से सभी परीक्षा केंद्र के कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरे को राउटर के माध्यम से जोड़ दिया गया है। इस नई व्यवस्था से अब डीआईओएस कार्यालय से ही परीक्षा केंद्र में चल रही परीक्षा की निगरानी की जा सकेगी। डीआईओएस कार्यालय के राजेश कुमार के मुताबिक सभी परीक्षा केंद्र के हर कक्ष में सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डिंग लगाने का काम पूरा हो चुका है। सभी सीसीटीवी कैमरे को डीआईओएस कार्यालय में स्थापित ऑनलाइन कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का जायजा ऑनलाइन लिया जा रहा है। उनके दिशा निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापकों को सीसीटीवी कैमरा ऑन रखने का निर्देश दिया गया है। डिप्टी सीएम द्वारा कभी भी परीक्षा केंद्र पर की गई तैयारियों का जायजा लिया जा सकता है।
- विनोद सिंह, डीआईओएस