केवटला में अवैध खनन पर पड़ा छापा।संवाद
बसखारी (अंबेडकरनगर)। हंसवर क्षेत्र के केवटला के पास पट्टे की आड़ में बालू के अवैध
खनन की शिकायत पर रविवार को तहसीलदार की अगुआई में पुलिस व खनन विभाग की टीम ने जांच की। टीम ने मौके से दो डंपर और एक पोकलैंड को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया। हालांकि खनन कितने घन मीटर हुआ है, इसकी जांच चल रही है। जांच के बाद पट्टाधारक व अन्य लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि संतकबीरनगर जनपद के धनघटा तहसील अंतर्गत भुतहा मांझा में पांच वर्षों के लिए अंगद विश्वकर्मा को 2,11,000 घन मीटर बालू खनन का पट्टा आवंटित हुआ था। संतकबीर नगर की तरफ सरयू नदी की धारा प्रवाहित होने के चलते दोनों जनपदों के जिलाधिकारी के पत्राचार के बाद हंसवर क्षेत्र के केवटला की तरफ खनन को मंजूरी दी थी। करीब छह माह से पोकलैंड मशीनों से खनन किया जा रहा था। पट्टा खत्म होने वाला था, ऐसे में गाड़िया दिन रात खनन में जुटी हुई थीं। ग्रामीणों ने इसकी मौखिक शिकायत अधिकारियों से की थी।
डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश पर रविवार को तहसीलदार टांडा निखिलेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक हंसवर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस बल, राजस्व कर्मियों व खनन विभाग के कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर छापा मारा। पुलिसकर्मियों को देखते ही अफरातफरी मच गई। टीम ने निरीक्षण शुरू किया तो मौके पर सीसीटीवी कैमरा बंद मिला। इस बीच पोकलैंड मशीन व दो बालू लदे डंपर कब्जे में ले लिए गए। वहीं खनन विभाग से अब तक हुए खनन के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। तहसीलदार निखिलेश कुमार ने बताया कि छापे के दौरान निर्धारित जगह से बाहर खनन करते हुए पाया गया है। मामले की पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।