अंबेडकरनगर। जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पिछले तीन दिनों में कोरोना पॉजिटिव मिलने वालों की तादाद बढ़कर इसके साथ ही तीन हो गई है। उधर, शुक्रवार को जिले के 51 बूथों पर 2686 नागरिकों व कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए।
जिले में कोरोना प्रभावितों की संख्या एक बार फिर से बढ़ने लगी है। शुक्रवार को केदारनगर क्षेत्र का एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। वह अयोध्या में रहकर निजी नौकरी करता है। वहां उसने जांच कराई तो वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसे वहीं पर क्वारंटीन कर दिया गया।, उधर जिले के 43 केंद्रों के 51 बूथों पर 6240 नागरिकों की तुलना में 2668 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत ने बताया कि शुक्रवार को 51 बूथों पर पहुंचने वाले नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाया गया।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर टीकाकरण का जायजा लिया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से जंग जीतने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बगैर किसी अफवाह में आए संबंधित बूथों पर पहुंचकर टीका जरूर लगवाएं। न सिर्फ खुद लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। इसके साथ ही कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सभी एहतियात बरतें। घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। समय-समय पर खुद को सैनिटाइज करते रहें। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करें।