केदारनगर। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक वृद्ध की झुलस कर मौत हो गई। बाद में पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से वार्ता कर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के महुवारी गांव निवासी घिसियावन (60) शुक्रवार को सुबह गांव से होकर घर जा रहे थे। बताया जाता है कि इसी बीच वहां से गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार में शॉर्ट सर्किट होने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक तार टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर घिसियावन गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। जब तक परिवारीजन मौके पर पहुंचकर उन्हें इलाज के लिए ले जाते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस बीच सूचना पर परिवारीजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने पावर के कॉर्पोरेशन अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और बिजली आपूर्ति बंद कराई। एनटीपीसी प्रभारी अमरनाथ यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर, अधिशाषी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि सूचना पर कर्मचारियों को भेजा गया है। एनटीपीसी प्रभारी अमरनाथ यादव ने कहा कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई होगी।