अकबरपुर के नैली गांव में मलेरिया केस आने के बाद गांव में फांगिंग कराते मलेरिया इंस्पेक्टर अफसार
अंबेडकरनगर। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव होने से मच्छरों की संख्या में वृद्धि हुई है। बृहस्पतिवार को भी जांच में एक मरीज में डेंगू और एक में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए सक्रिय हो गया है।
दोनों रोगियों की जांच राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुई है। अकबरपुर के नाले के रहने वाले एक युवक में मलेरिया की पुष्टि हुई। जिले में अब मलेरिया के कुल 11 मामले हो गए हैं। जलालपुर क्षेत्र के मछली गांव निवासी एक युवक डेंगू संक्रमित पाया गया है। एक नया मामला आने के बाद डेंगू के कुल मामले बढ़कर 25 हो गए हैं। दोनों संक्रमित रोगियों का उपचार किया जा रहा है। संक्रमितों के आने के बाद मलेरिया विभाग की टीम ने संबंधित गांवों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया है। स्वास्थ्य विभाग बुखार से पीड़ित लोगों के नमूने भी जांच के लिए एकत्र कर रहा है। डिप्टी सीएमओ नोडल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दो संक्रमित मिलने के बाद गांवों में टीम भेजी गई है। दवाओं के छिड़काव के साथ सैंपलिंग भी कराई गई है।
नियमित सफाई में लापरवाही पर कार्रवाई
जेई की पुष्टि होने पर बुधवार को सीडीओ, डीपीआरओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव का दौरा किया था। इस दौरान गांव में साफ-सफाई बेहतर नहीं मिली। इसके बाद गांव में तैनात सफाई कर्मी अनिल कुमार और मोहन को निलंबित कर दिया गया। डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। गांव में लगातार निगरानी भी की जा रही है।