अंबेडकरनगर। शादी का झांसा देकर एक युवती ने युवक से एक लाख रुपये ठग लिए। अकबरपुर के रगड़गंज निवासी चंद्रपाल वर्मा ने साइबर क्राइम थाने में दी तहरीर में कानपुर जिले की मधु सिह्ना पर जालसाजी का शिकार बनाने का आरोप लगाया है।
चंद्रपाल के मुताबिक, मधु सिह्ना ने पहले उन्हें भरोसे में लिया, फिर जीवनसाथी बनने की बात कही। इसी बीच खुद को परेशान बताकर बार-बार मदद मांगी और धीरे-धीरे कर एक लाख रुपये हड़प लिए। युवक का आरोप है कि रुपये लेने के बाद युवती ने न केवल मिलने से इन्कार कर दिया, बल्कि फोन उठाना भी बंद कर दिया। बार-बार बुलाने और संपर्क करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तब उन्होंने पूरा मामला पुलिस को बताया।
इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।