अंबेडकरनगर। जिले में कहीं ट्रांसफार्मर जलने तो कहीं तार टूटने से विद्युत संकट को लेकर हाहाकार की स्थिति है। सबसे ज्यादा खराब हालत जिला मुख्यालय की है। हालात इतने बदतर हैं कि मंगलवार आधी रात के बाद से बुधवार अपराह्न तक के 15 घंटे में कई क्षेत्रों को 6 घंटे से लेकर नौ घंटे की ही बिजली मिल सकी। इससे उकरीब एक लाख की आबादी को भीषण गर्मी व उमस से जुझना पड़ा। बिजली न आने से लोगों को पानी की दिक्कत का भी सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण स्थिति ज्यादा गंभीर हो रही है।
एक तरफ गर्मी व उमस बढ़ रही है तो दूसरी तरफ जिले में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था दम तोड़ रही है। स्थिति इतनी ज्यादा गंभीर हो गई है कि उपभोक्ताओं में व्यापक नाराजगी है। घंटों की कटौती व व्यवधान तथा बार-बार की ट्रिपिंग ने उपभोक्ताओं को आजिज कर रखा है। हालत यह है कि कहीं पर ट्रांसफार्मर जलने तो कहीं तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो रही है। मंगलवार शाम अकबरपुर व मरैला के बीच तक्षशिला स्कूल के निकट तार टूटने से घंटों आपूर्ति ठप रही तो वहीं कुर्की बाजार के निकट केबिल खराब होने से लगभग 6 घंटे तक आपूर्ति में व्यवधान रहा।
नगर के इन्द्रलोक कॉलोनी में ट्रांसफार्मर बिगड़ने से उपभोक्ताओं को मंगलवार सुबह से लेकर देर शाम तक विद्युत संकट से जूझना पड़ा। वहीं शहजादपुर के उपभोक्ता फैज खान के अनुसार राजा गली, चौक घंटा घर, पुरानी सब्जी मंडी, अशफाकउल्ला कॉलोनी, सुभाषनगर आदि क्षेत्रों में बुधवार सुबह से लेकर अपराह्न तीन बजे तक विद्युत का संकट बना रहा। नगर के अयोध्या मार्ग, मीरानपुर व बनगांव मोड़ क्षेत्र समेत कई अन्य क्षेत्रों में तार टूटने से लेकर उपकरणों के जवाब देने के चलते मंगलवार के बाद बुधवार को भी व्यवधान उत्पन्न होता रहा। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी व उमस से जूझने को मजबूर होना पड़ा। बिजली न होने के कारण पंखे, कूलर व एसी का लाभ उपभोक्ता नहीं उठा सके। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात अत्यंत बदतर हैं।