पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही का खामियाजा सोमवार को हंसवर क्षेत्र के नरायनपुर प्रीतमपुर गांव के एक परिवार को भुगतना पड़ा। गांव निवासी दीपक (22) पुत्र राधेश्याम सोमवार सुबह छत पर चढ़कर कोई काम कर रहा था।
उसकी छत के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरा हुआ है। काम करते समय अचानक दीपक का हाथ ऊपर से गुजरे तार में छू गया। उस समय तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। उसका हाथ तार में चिपक गया। दीपक सिर्फ एक बार चिल्ला भर सका। परिजन भाग कर मौके पर पहुंचे।
वह कुछ कर पाते कि इससे पहले ही दीपक का शव तार से छूटकर नीचे गिर गया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। थोड़ी ही देर में घटना स्थल पर ताम लोग जुट गए। सूचना मिलने पर हंसवर एसओ अरशद सिद्दीकी पुलिस बल लेकर गांव पहुंचे।
एसडीएम टांडा नरेन्द्र सिंह व विधायक अजीमुलहक पहलवान ने भी गांव पहुंचकर मौके का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बधाया। उन्होंने सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया। ग्रामीणों की नाराजगी के बाद अफसरों ने तार को अविलंब हटवाने की बात भी की।