अंबेडकरनगर। अफसर बनकर वसूली कर रहे एक युवक को एसडीएम के निर्देश पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया। एसडीएम ने संबंधित के विरुद्घ केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
अकबरपुर नगर में दवा कारोबार से जुड़े गुप्ता फार्मा पर रविवार को एक व्यक्ति पहुंचा। उसने खुद को पहले तो ड्रग विभाग का अधिकारी बताया फिर उसने खुद को एसडीएम अकबरपुर कार्यालय में तैनात कर्मचारी बताया। उसने दुकानदार से अवैध वसूली की कोशिश भी की। इस पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। प्रकरण की सूचना एसडीएम सदर अभिषेक पाठक को दी गई। बताया गया कि अफसरों की धौंस जमाकर अवैध वसूली का प्रयास किया जा रहा है।
एसडीएम ने तत्काल अकबरपुर कोतवाल को निर्देश दिया कि संबंधित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसडीएम के निर्देश पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि प्रकरण में अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है। एसडीएम ने बताया कि प्रकरण में संबंधित दुकानदार से तहरीर लेकर केस दर्ज कराया जाएगा।