अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र अलीगंज अंतर्गत सद्दरपुर में एक वृद्ध स्टे-केबल में उतरे करंट से तो सूरापुर में एक युवक खेत की सिंचाई के दौरान तार पर पैर पड़ने से करंट की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से वृद्ध को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सद्दरपुर निवासी रामरूप (65) पुत्र जैसराज शुक्रवार सुबह खेत से घर लौट रहा था। बताया जाता है कि गांव के बाहर स्थित बिजली के खंभे के स्टे-केबल से उसका हाथ छू गया जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। चीख-पुकार पर आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे तार से अलग किया लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो चुका था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबीयत में सुधार न होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उधर इसी थाना क्षेत्र के सूरापुर गांव निवासी अरुण (18) पुत्र उदयराज शुक्रवार सुबह खेत में सिंचाई कर रहा था। इसी बीच मोटर पंप के तार पर उसका पैर पड़ गया। तार कटा होने के चलते वह करंट की चपेट में आ गया। जब तक उसे तार से अलग किया जाता, वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।