एक तरफ जहां 10 हजार तक के आभूषण की खरीददारी पर 10 ग्राम चांदी के सिक्के का ऑफर दिया जा रहा है, वहीं कपड़ों की खरीददारी पर भी 10 से 25 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। फ्रिज, टीवी व वाशिंग मशीन और दो पहिया वाहनों की खरीद पर भी 5 से 7 प्रतिशत की छूट का ऑफर है।
दीपपर्व निकट आते ही जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी बड़ी बाजारों में दुकानें सजना शुरू हो गई हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आमलोगों का सामानों की खरीददारी के लिए दुकानदारों द्वारा कई आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। दरअसल महंगाई में खरीददारी प्रभावित होने की आशंका ने दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है।
उन्हें डर है कि महंगाई के चलते आमलोग बड़े सामानों विशेषकर आभूषणों की खरीददारी से किनारा कर सकते हैं। ऐसे में खरीददारी पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े और आम लोगों को भी राहत मिल सके, इसके लिए दुकानों के बाहर विभिन्न प्रकार के ऑफर के बोर्ड टंगने लगे हैं।
सोने व चांदी के आभूषण की खरीददारी को आकर्षित करने के लिए 10 हजार रुपये तक के आभूषण की खरीददारी पर 10 ग्राम चांदी के सिक्का देने का आफर है। सराफा व्यवसायी रमेश सेठ ने बताया कि वे10 हजार रुपये के सोने व चांदी के आभूषण की खरीददारी पर 10 ग्राम चांदी का सिक्का दे रहे हैं।
शहजादपुर स्थित जलसा के मैनेजिंग डायरेक्टर वीरेंद्र सेठ भी 10 हजार रुपये के रेडीमेड कपड़े की खरीददारी पर 10 ग्राम चांदी का सिक्का दे रहे हैं। कपड़ा व्यवसायी चंद्रभान जायसवाल ने बताया कि वे कोई भी कपड़ा खरीदने पर उसके दाम में 10 से 12 प्रतिशत की छूट का ऑफर दे रहे हैं।
जूता चप्पल व्यवसायी अजय सिंह ने बताया कि 5 हजार तक का जूता खरीदने पर 15 प्रतिशत छूट ऑफर दे रहे हैं। सिंह होण्डा एजेंसी के सेल्स मैनेजर ने बताया कि दो पहिया वाहन के दाम में 5 से 7 प्रतिशत की छूट का आफर है। पर्व के निकट आने पर छूट की राशि और भी बढ़ सकती है।