अंबेडकरनगर। जैतपुर क्षेत्र के भुजगी तिराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। मामले में ड्यूटी पर मौजूद दरोगा ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
उपनिरीक्षक कृष्ण चंद्र शुक्ल ने शिकायती पत्र में बताया कि वह मुख्य आरक्षी कृपा शंकर यादव के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी भुजगी तिराहे पर कुछ युवक फेसबुक पर एक पोस्ट देखकर हंसते और टिप्पणी करते मिले। पूछताछ में पता चला कि गांव के ही राहुल मिश्र ने अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के विरुद्ध अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए फेसबुक पर सार्वजनिक टिप्पणी की है।
पोस्ट में प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)