अंबेडकरनगर के पुलिस लाइन में चरित्र प्रमाण पत्र के लिए लाइन में खड़े दावेदार।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों के लिए शनिवार से शुरू हो रही नामांकन प्रक्रिया के मद्देनजर शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर स्थित कार्यालय में चरित्र प्रमाणपत्र, जबकि जिला पंचायत कार्यालय में अदेय प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए पूरे दिन आपाधापी का माहौल रहा। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शासन द्वारा जारी तमाम दिशा निर्देशों को दरकिनार करते हुए बड़ी संख्या में दावेदार व उनके प्रतिनिधियों ने संबंधित कार्यालयों में प्रमाणपत्र हासिल किए। प्रमाणपत्रों के लिए सुबह से ही संबंधित कार्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो अपराह्न तक चलता रहा। इस दौरान इन दोनों कार्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ती दिखीं।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए शनिवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। वैसे तो नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान प्रत्याशी को अदेय प्रमाणपत्र लगाना पड़ता है, लेकिन चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने की भी होड़ प्रत्याशियों में मची हुई है।
हालांकि जिम्मेदार अधिकारी लगातार इस बात को साफ कर रहे है कि नामांकन पत्र में चरित्र प्रमाणपत्र की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बाद भी इसे बनवाने के लिए प्रत्याशियों या फिर उनके प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिदिन पुलिस लाइन स्थित कार्यालय का चक्कर लगाया जा रहा है। शुक्रवार को चरित्र प्रमाणपत्र व अदेय प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दावेदारों व उनके प्रतिनिधियों में पूरे दिन आपाधापी रही।
चरित्र प्रमाणपत्र के लिए पुलिस लाइन, जबकि अदेय प्रमाणपत्र के लिए जिला पंचायत कार्यालय में सुबह से दावेदारों व उनके प्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में दावेदारों के पहुंचने से गहमागहमी रही। इस दौरान कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शासन द्वारा दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ाई गईं। उधर, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि चरित्र प्रमाणपत्र की कोई आवश्यकता नहीं है। सिर्फ अदेय प्रमाणपत्र की ही जरूरत नामांकन करने के दौरान होती है।