केदारनगर (अंबेडकरनगर)। एनटीपीसी में कार्यरत ठेकेदारों पर मजदूरों को काम दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। सामाजिक कार्यकर्ता वैभव सिंह पटेल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार धीरज वर्मा पिछले पांच वर्षों से एनटीपीसी के हाउसकीपिंग विभाग में कार्यरत थे, टेंडर बदलने के बाद भी एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते रहे। करीब एक माह पहले ठेकेदार ने उन्हें काम से हटा दिया और दोबारा काम पर रखने के एवज में 80 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि ठेकेदार ने यह कहते हुए रकम मांगी कि एनटीपीसी से टेंडर कम दर पर लिया जाता है, इसलिए श्रमिकों को पैसा देना पड़ता है, वरना काम नहीं मिलेगा। इस वार्ता का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ने उसकी पुष्टि नहीं की है। वैभव सिंह पटेल का कहना है कि यह कोई अकेला मामला नहीं है अन्य ठेकेदारों के अधीन काम करने वाले कई मजदूरों ने भी काम से हटाए जाने और पैसे मांगे जाने की शिकायत की है।