विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में नौ मार्च को आलापुर विधानसभा सीट के लिए मतदान होना है। इसके लिए गुरुवार को नाम वापसी प्रक्रिया थी। इसमें किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। ऐसे में अब 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। देर शाम सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया।
आलापुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी चंद्रशेखर कन्नौजिया का बीते दिनों हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। इससे जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव स्थगित कर दिया था। बाद में मुख्य चुनाव आयोग ने आलापुर विधानसभा सीट पर नौ मार्च को मतदान कराने की घोषणा की थी।
इसके लिए 14 फरवरी से 20 फरवरी तक नामांकन किए जाने का निर्देश दिया गया था। नामांकन में सिर्फ समाजवादी पार्टी को ही शामिल होना था। 16 फरवरी को समाजवादी पार्टी की तरफ से घोषित संगीता कन्नौजिया ने नामांकन पत्र दाखिल किया था।
इस बीच गुरुवार को नाम वापसी प्रक्रिया होने के बाद किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। अब 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें सपा से संगीता कन्नौजिया, भाजपा से अनीता कमल, बसपा से त्रिभुवनदत्त मुख्य रूप से शामिल हैं। एसडीएम आलापुर विनय गुप्ता ने बताया कि नाम वापसी के बाद दस प्रत्याशी मैदान में।