जिला मुख्यालय व ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। मंदिरों व शिवालयों को जहां भव्य तरीके से सजाया गया है, वहीं इर्द-गिर्द विशेष साफ-सफाई भी की गई है।
इस बीच अकबरपुर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों व शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजने लगे हैं। पर्व को लेकर लोगों ने बाजारों से आवश्यक खरीददारी की। पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्वक निपटाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध किए हैं।
भगवान शिव की विशेष आराधना के तौर पर मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व का उल्लास शुक्रवार को दिखेगा। अकबरपुर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित मंदिरों व शिवालयों को एक दिन पहले ही फूलों से आकर्षक ढंग से सजा दिया गया है।
जिला मुख्यालय पर शहजादपुर स्थित शिवालय, मीरानपुर मोहल्ला स्थित शिवालय, गायत्री मंदिर, कलेक्ट्रेट व अकबरपुर बस स्टेशन स्थित शिवमंदिरों की सजावट व साफ-सफाई का कार्य एक दिन पहले ही पूर्ण कर लिया गया है।
कलेक्ट्रेट स्थित शिवमंदिर में गुरुवार दोपहर बाद से ही हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ अखंड पाठ प्रारंभ हो गया। इसके अलावा जलालपुर, टांडा, आलापुर व भीटी तहसील क्षेत्रों में स्थित शिवालयों व मंदिरों में भी विशेष साज-सजावट की गई है।
पर्व के मद्देनजर लोगों ने गुरुवार को बाजारों से पूजन-अर्चन से संबंधित आवश्यक खरीददारी की। अकबरपुर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी- बड़ी बाजारों में पूरे दिन रौनक छाई रही। लोगों ने इस दौरान गन्ने की गेड़ी, धतूरा, जौ, बेलपत्र, बेर आदि की खरीददारी की।