बीएनकेवी पीजा कॉलेज में ड्रॉफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन मौके पर मौजूद छात्राएं व बीएलओ।
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के बीएनकेबी डिग्री कॉलेज में मंगलवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने एसआईआर अभियान के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया।
छह फरवरी तक चलने वाले मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इसमें 56,185 मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा। ये मतदाता ऐसे हैं जिनका 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक का सबसे बड़ा दायित्व है। मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध, समावेशी और अद्यतन होगी, लोकतंत्र उतना ही सशक्त बनेगा। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर जो युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं या करने वाले हैं, वे अनिवार्य रूप से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं।
डीएम ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें और समय रहते फॉर्म-6 भरने के लिए उनका मार्गदर्शन करें। प्रेस वार्ता के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन का अवलोकन अवश्य करें। यदि किसी का नाम छूट गया हो, कोई त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता हो, तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित फार्म भरकर उसे ठीक कराएं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्सना बंधु, जॉइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह ने भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेश चंद्र द्विवेदी, एडीआई विनय वर्मा मौजूद रहे।