अंबेडकरनगर। जिला स्वास्थ्य कार्यकारी समिति की समीक्षा बैठक में चार कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने पर सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में हुई बैठक से नदारद कर्मचारियों को नोटिस जारी कर अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में कुपोषित बच्चों की कम भर्ती का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर चिंता जताते हुए कहा गया कि बच्चों को चिह्नित कर एनआरसी तक पहुंचाने में बाल विकास विभाग का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। इससे कुपोषित बच्चों को उपचार और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास प्रभावित होने की आशंका है।
बैठक में अनुपस्थित रहने वालों में जिला अस्पताल के मैनेजर डॉ. हर्षित गुप्ता, क्षय रोग विभाग के सलाहकार अरविंद पाठक, मानसिक रोग कार्यक्रम की सलाहकार फौजिया शरीफ और अर्बन सलाहकार रक्षाराम शामिल हैं। सीएमओ ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सीएमओ ने निर्देश दिया कि जिला स्वास्थ्य समिति की आगामी बैठकों में सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहें। स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। बैठक में एसीएमओ डॉ. रामानंद, डॉ. सर्वेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।