आरसी से पहले की नोटिस जारी कर दी गई चेतावनी
टर्म लोन योजना के तहत उठाया था लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। लगभग दो दशक पूर्व टर्म लोन योजना के तहत लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि दबाए बैठे 45 बड़े बकाएदारों को अंतिम नोटिस जारी की गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर राशि नहीं जमा की गई तो फिर संबंधित के विरुद्ध आरसी जारी की जाएगी।
अल्पसंख्यकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगभग दो दशक पहले राज्य सरकार ने टर्म लोन योजना की शुरुआत की। इसके तहत रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कम ब्याज पर ऋण दिया गया। ऋण लेने के बाद जब संबंधित लोगों द्वारा राशि वापस नहीं की गई तो जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय ने नोटिस जारी की। इस पर ज्यादातर ने तो जमा कर दिया लेकिन 137 ऐसे लोग हैं जिन्होंने अभी भी राशि जमा नहीं की।
इस पर अब जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने सख्ती करते हुए चार करोड़ 31 लाख 97 हजार 933 रुपये दबाए बैठे 45 बड़े बकाएदारों को अंतिम नोटिस जारी की है। यह सभी बड़े बकाएदार हैं। एक सप्ताह के अंदर राशि जमा करने का निर्देश देते हुए कहा गया कि यदि निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं की गई तो आरसी जारी की जाएगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण वित्तीय एवं विकास निगम को पत्र भी भेज दिया गया है।
इन्हें भेजी गई नोटिस
छज्जापुर निवासी अनीस अहमद, ताज मोहम्मद, रियाज अहमद, मोहम्मद साजिद अंसारी, रिजवान आलम, साजिद, मोहम्मद असलम, मोहम्मद इस्लाम, निसार अहमद, राशिद अंसारी, मुजम्मिल हुसैन, इस्लामुद्दीन, असलम अंसारी, जुबेर अहमद, सकरावल निवासी अनवर आलम, उबैदुर्रहमान, शकील अहमद, जलालपुर के कमरुद्दीन, न्यौरी के मोहिउद्दीन फारूकी, अकबरपुर के अब्दुल आलिम, अब्दुल्लापुर के नूरुद्दीन अंसारी, सोनगांव के शब्बीर हुसैन समेत 45 बड़े बकाएदारों को अंतिम नोटिस जारी की गई है।
बकाया जमा न करने पर जारी होगी आरसी
फिलहाल बड़े बकाएदारों को अंतिम नोटिस जारी की गई है। एक सप्ताह का समय दिया गया है। बकाया जमा न करने की दशा में आरसी जारी कराई जाएगी।
-छोटेलाल गौतम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी