आलापुर (अंबेडकरनगर)। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए लेखपाल संघ के अध्यक्ष रामसिधार का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। इस बीच विभागीय कार्रवाई का नोटिस स्वीकार न करने के चलते प्रशासन ने अब उनके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है। इससे माना जा रहा है कि जल्द ही लेखपाल पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
बीते दिनों एसडीएम मोहनलाल गुप्त ने दो लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर नोटिस जारी किया था। इसमें उन पर कार्य में लापरवाही का आरोप था। एक लेखपाल ने नोटिस स्वीकार कर लिया था, जबकि लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष रामसिधार ने नोटिस नहीं लिया। उन्हें तहसील से कई फोन भी किए गए थे। बाद में तहसीलदार ने फोन कर नोटिस रिसीव करने को कहा। इस फोन के कुछ देर बाद से ही रामसिधार के परिवारीजनों ने यह कहकर हड़कंप मचा दिया था कि लेखपाल का कोई पता नहीं चल रहा है।
परिवारीजनों ने एसडीएम व रजिस्ट्रार कानूनगो पर गंभीर आरोप भी लगाए थे। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। लेखपाल का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, जबकि लगभग 10 दिन बीतने को है। इस बीच अब तहसील प्रशासन ने रामसिधार के घर पर वह नोटिस चस्पा करा दिया है, जो उनके द्वारा रिसीव नहीं की गई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है।