अंबेडकरनगर। बिजली बिल राहत योजना के एक माह बीतने को है, लेकिन योजना के सापेक्ष अब तक केवल 32 करोड़ रुपये ही बिल जमा हो सका है। योजना में लापरवाही उजागर होने पर अधीक्षण अभियंता ने जलालपुर, तेंदुआईकला, भीटी, रामनगर, आलापुर तहसील, महरुआ, हंसवर, मकोईया, बेवाना, इल्तिफातगंज, नेवादा, कल्याणपुर सहित 15 अवर अभियंताओं को वसूली में खराब प्रगति को लेकर स्पष्टीकरण नोटिस जारी की है।
अब खराब डिवीजन वाले एसडीओ को नोटिस जारी करने की तैयारी चल रही है। पिछले 27 दिनों में 29250 उपभोक्ताओं ने 32 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बिजली बिल जमा कराया है। अकबरपुर बिजली घर पर शनिवार अवकाश के दिन भी लोग बकाया जमा करने बिजली धर पर नजर आए। अकबरपुर के मीरानपुर निवासी रामकरन ने बताया कि 32650 रुपये का बकाया बिल है। 12,650 रुपये की छूट मिली है। शास्त्रीनगर के दिनेश कुमार ने बताया कि 28,534 रुपये का बकाया बिल था। 11,735 रुपये की छूट मिली है। अधिशासी अभियंता अकबरपुर प्रेमचंद ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए बिजली घरों पर जाकर अपना बिजली बिल जमा कराकर लाभ लें। अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जेई के खिलाफ नोटिस जारी की स्पष्टीकरण मांगा गया है।