अंबेडकरनगर। गर्मी की छुट्टियाें का सीजन खत्म हो चला है। रक्षाबंधन, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार भी अभी दूर हैं, फिर भी ट्रेनों में नोरूम है। इन ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत सियालदा, कैफियात और दून एक्सप्रेस में है। इनमें नो रूम की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा अन्य में 50 से 60 वेटिंग है। ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ अभी भी ज्यादा है।
इस समय आरक्षण काउंटर पर टिकट कराने पहुंच रहे यात्री लंबी वेटिंग देखकर लौट रहे हैं। दरअसल रेलवे के नियम के अनुसार अब ट्रेनों में केवल 25 फीसदी सीटों पर ही वेटिंग टिकट जारी किए जा रहे हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। श्रवण क्षेत्र से आए धर्मेंद्र ने बताया कि दिल्ली जाना है। उन्होंने कैफियात एक्सप्रेस का स्लीपर में टिकट बुक करवाने का प्रयास किया, लेकिन नो रूम बताया गया। मालीपुर रोड निवासी अनुज तिवारी हावड़ा जाने के लिए दून एक्सप्रेस में स्लीपर का टिकट लेने आरक्षण केंद्र पहुंचे, लेकिन टिकट न मिलने पर लौट गए।
25 फीसदी ही वेटिंग टिकट जारी हो रहे
ट्रेनों में केवल 25 फीसदी सीटों पर ही वेटिंग टिकट जारी किए जा रहे हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है।
-पलटूराम, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक