अंबेडकरनगर। छठ पूजा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने अकबरपुर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। इसके तहत 15 नवंबर की सुबह नौ बजे से 16 नवंबर की रात नौ बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, 15 नवंबर को शाम चार बजे से तहसील तिराहे की ओर जाने वाले हल्के वाहनों की आवाजाही भी रोक दी जाएगी। हालांकि, छठ पूजा के लिए जलाशयों और नदियों की ओर जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
आजमगढ़ और बसखारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास, गौहन्ना चौराहा, पहितीपुर, श्रवण क्षेत्र और अन्नावां होकर गुजरेंगे। अयोध्या से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है। बस्ती और टांडा से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से डायवर्ट कर बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा।
शहर के भीतर भी बदले रहेंगे रास्ते
पटेलनगर तिराहे से इल्तिफातगंज रोड जाने वाले वाहन टांडा रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग से गुजरेंगे। शहजादपुर से तहसील होते हुए पटेलनगर जाने वाले वाहनों को गौहन्ना बाईपास से हाईवे और न्यौतरिया की ओर भेजा जाएगा। तहसील से शहजादपुर जाने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा। अयोध्या रोड से तहसील होकर पटेल तिराहे जाने वाले वाहनों को अन्नावां तिराहे से हाईवे होते हुए न्यौतरिया बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
टांडा में भी लागू रहेगा प्रतिबंध
सीओ यातायात जितेंद्र सिंह ने बताया कि अकबरपुर में अयोध्या रोड से तहसील आने वाले वाहनों को बनगांव मोड़, बसखारी और टांडा रोड से आने वाले वाहनों को पटेल तिराहे तथा मालीपुर रोड से शहजादपुर आने वाले वाहनों को शहजादपुर चौकी से डायवर्ट किया जाएगा। दोस्तपुर रोड के वाहन गौहन्ना बाईपास और सुलतानपुर-पहितीपुर रोड के वाहन भिखारीपुर बाईपास से गुजरेंगे। टांडा में कश्मीरिया, चिंतौरा तिराहा, इनामीपुर पुल और सम्हरिया चौराहे पर भी भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा।