विद्यालय संबंधित जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में यूडायस फॉर्म न जमा करने वाले नौ इंटर कॉलेजों पर उनकी मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की तलवार लटक गई है। यदि एक सप्ताह के अंदर यूडायस फार्म संबंधित विद्यालयों द्वारा नहीं जमा किया गया, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि विद्यालय में कक्षों की संख्या, खेल मैदान, प्रधानाचार्य कार्यालय, कर्मचारी कार्यालय, स्टाफ की संख्या सहित अन्य विद्यालय संबंधित जानकारियां डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए यूडायस फॉर्म विद्यालयों को जमा करना होता है। कई बार पत्राचार के बाद भी जब अधिकतर विद्यालयों ने यूडायस फॉर्म नहीं जमा किया, तो बीते दिनों डीआईओएस ने संबंधित विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कहा कि यदि 31 दिसंबर 2015 तक यूडायस फार्म नहीं जमा किया गया, तो उनके विरुद्ध मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी। इस पर अधिकतर विद्यालयों ने तो संबंधित फॉर्म कार्यालय को उपलब्ध करा दिया, लेकिन नौ विद्यालय अब तक उपलब्ध नहीं करा सके हैं।
डीआईओएस डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज जैतपुर, यमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरामदपुर, भगवान प्रसाद मौर्य हाईस्कूल शुकुलबाजार, जनता बालविद्या केंद्र झामबाबा, साहबदीन इंटर कॉलेज शाहपुर मठिया, हाजी सुलेम मेमोरियल इंटर कॉलेज दियरा, डॉ. देवेंद्रनाथ यादव स्मारक उ. मा. विद्यालय जलालपुर, सीता गर्ल्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गानगर, एमआर फैजान इंटर कॉलेज देवरिया लाला आलापुर ने अब तक यूडायस फॉर्म नहीं जमा किया है। इनको फिर से नोटिस जारी किया गया है।