जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में 9 लोग घायल हो गए। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है जिनमें तीन की हालत गंभीर बतायी जाती है। एक भी बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे। उधर भीटी थाना में तैनात एक सिपाही राजकुमार यादव, एक चार पहिया वाहन की टक्कर से मंगलवार देर शाम घायल हो गया।
टांडा थानाक्षेत्र के मुुबारकपुर निवासी विशाल(16) पुत्र वीरेन्द्र व चिंतौरा निवासी अर्जुन(32) पुत्र मत्तू सोमवार सायं बाइक से टांडा जा रहे थे। चिंतौरा चौराहे के निकट एक वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को पहले टांडा सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विशाल की हालत नाजुक बतायी जाती है। महरुआ थाना क्षेत्र अन्तर्गत महरुआ निवासी सावित्री(55) पत्नी पुद्दन व शांती देवी(60) पत्नी बद्रीप्रसाद मंगलवार सुबह बाजार में एक साथ सड़क पार कर रही थीं। इसी बीच अकबरपुर की तरफ से आयी एक बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। शांती की हालत ज्यादा गंभीर है।
अकबरपुर थानाक्षेत्र के अरियौना गांव निवासी कन्हैयालाल(50) पुत्र लक्ष्मन मंगलवार सुबह 50 नंबर ट्यूबवेल के निकट साइकिल से जाते समय बाइक की चपेट में आ गए। इससे उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आयी हैं। उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। टांडा के खरगपुर की गुजराती देवी(65) पत्नी बंशूराम सोमवार को गांव के पास सड़क पार करते समय मार्ग दुर्घटना का शिकार हो गईं। सम्मनपुर के असमानपट्टी गांव के श्यामलाल 45 मंगलवार सुबह बाइक से जलालपुर जाते समय दुर्घटना का शिकार हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। भीटी के प्रताबीपुर गांव के विपुल (17) मंगलवार को बाइक लेकर गिर गया। घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।