अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत बृहस्पतिवार को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण प्रारंभ हो गया। पहले दिन नौ केंद्र व्यवस्थापकों ने अकबरपुर नगर स्थित बीएन इंटर कॉलेज पहुंचकर लगभग 20 हजार कॉपियां लीं।
22 फरवरी से प्रारंभ हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के मद्देनजर बृहस्पतिवार से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण प्रारंभ हो गया। मालूम हो कि यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 116 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 76 हजार 350 छात्र-छात्राओं के लिए पांच लाख 20 हजार अ व ब कॉपियों की आवश्यकता है। इसके लिए गत दिवस ही चार लाख 70 हजार अ व ब उत्तर पुस्तिकाएं जिले में पहुंच गईं जिन्हें सादी उत्तर पुस्तिका के लिए बनाए गए संकलन केंद्र अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज में सुरक्षित रखवा दिया गया।
इस बीच बृहस्पतिवार से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण प्रारंभ कर दिया गया। कोठार प्रभारी रामभवन वर्मा ने बताया कि पहले दिन नौ केंद्र व्यवस्थापक आए जिन्हें लगभग 20 हजार उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं। 15 फरवरी तक उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाना है। उधर डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया है कि वे समय रहते उत्तर पुस्तिकाएं हासिल कर लें। साथ ही शासन के दिशा निर्देशानुसार उन्हें सुरक्षित रखें।