फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: प्रसव के बाद नवजात की मौत, लापरवाही का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा

Mon, 22 Dec 2025 12:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
 जलालपुर में नवजात की मौत के बाद अस्पताल में लगी भीड़। 
विज्ञापन
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कस्बे के विकास कॉलोनी के निकट स्थित आयुष हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी अस्पताल में प्रसव के कुछ घंटे बाद नवजात की मौत हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन


आजमगढ़ जिले के चत्तूरपुर निवासी शिवशंकर ने बताया कि उनकी बेटी संगीता का विवाह आलापुर क्षेत्र के सेहरामऊ निवासी रवींद्र से हुआ है। गर्भावस्था के चलते संगीता मायके में रह रही थी। शनिवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे जलालपुर स्थित आयुष हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी अस्पताल ले गए, जहां सुबह करीब आठ बजे ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ। शिवशंकर के अनुसार रात करीब 11 बजे नवजात की हालत अचानक बिगड़ने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार बुलाने के बावजूद अस्पताल के कर्मचारी समय से नहीं पहुंचे। काफी देर बाद जब चिकित्सकीय सहायता मिली, तब तक देर हो चुकी थी और रात करीब 1:30 बजे नवजात की मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने रविवार सुबह अस्पताल परिसर में हंगामा किया। इस दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रसूता के पिता कर्मचारियों पर समय से न पहुंचने का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों ने अस्पताल संचालिका पर दबाव बनाकर कागजात पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर अस्पताल संचालिका डॉ. पुष्पा वर्मा मौके पर पहुंचीं। काफी देर तक बातचीत के बाद परिजन शांत हुए और नवजात का अंतिम संस्कार करने के लिए शव लेकर चले गए। फिलहाल प्रसूता का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
विज्ञापन



लापरवाही के आरोप निराधार : संचालिका
अस्पताल संचालिका डॉ. पुष्पा वर्मा ने लापरवाही के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। रात में दूध पिलाने के बाद नवजात सो गई थी और सुबह उसकी मौत हुई। कर्मचारियों के न पहुंचने का आरोप गलत है। पूरी गतिविधि अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है।
तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच
आयुष हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी अस्पताल में नवजात की हुई माैत के मामले में जलालपुर सीएचसी अधीक्षक को तीन सदस्यीय जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

— डॉ. संजय कुमार शैवाल, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें