महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज अकबरपुर। संवाद
अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर अंबेडकरनगर में जल्द ही पीजी के नए कोर्स की कक्षाएं शुरू होंगी। इसमें मेडिसिन, सर्जरी से लेकर पैथालॉजी और फोरेंसिक समेत अन्य विषय शामिल होंगे। इन पीजी कोर्स के लिए 34 सीटों का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही इसकी मंजूरी मिल जाएगी और आगामी सत्र 2025-26 में कक्षाओं का संचालन शुरू किया जा सकेगा।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या से संबद्ध राजकीय मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2011 से एमबीबीएस की 100 सीटें संचालित हो रही हैं। हर साल नीट यूजी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर अलग-अलग क्षेत्रों से 100 मेडिकल के छात्र भेजे जाते हैं, जिन्हें साढ़े चार वर्ष के एमबीबीएस कोर्स के साथ एक वर्ष मेडिकल इंटर्नशिप करनी होती है। इसी के साथ डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी) पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा की 14 सीटें हैं, जिन पर अध्ययन करने वाले चिकित्सकों को ईएनटी, ऑफ गाइनी, फैमिली मेडिसिन में डिप्लोमा कराया जाता है।
इसी तरह एमडी एसपीएम डिग्री कोर्स की पांच सीटें संचालित हो रही हैं। आगामी सत्र में यहां आठ नए पीजी कोर्स शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थो, पीडियाट्रिक, फोरेंसिक, पैथाेलॉजी, गाइनी एवं ऑपथैल्मिक (नेत्र ) रोग विशेषज्ञ के कोर्स शामिल किए गए हैं। इसके लिए 34 सीटें प्रस्तावित की गई हैं। इसकी मंजूरी मिलने से मेडिकल कॉलेज में अलग-अलग रोग के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता हो सकेगी, जिसका सीधा लाभ जिलेवासियों को मिलेगा। संवाद
भेजा गया है प्रस्ताव
अलग-अलग डिपार्टमेंट में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए 34 सीटों का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे मेडिकल कॉलेज की क्षमता का विस्तार होगा। प्रवेश लेने वाले छात्रों को डिग्री मिल सकेगी और मरीजों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हो सकेंगे।
- डॉ. आभास कुमार सिंह, प्राचार्य, महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज