फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: नकली आयुर्वेदिक दवाओं के नेटवर्क का खुलासा, संचालक गिरफ्तार

विज्ञापन
जैतपुर के गोपरीचांदपुर गांव में बरामद नकली दवाओं की पैकिंग का सामान । स्रोत सूचना विभाग
विज्ञापन
जलालपुर। जैतपुर क्षेत्र के गोपरीचांदपुर गांव में जिला प्रशासन, पुलिस और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की टीम ने छापा मारकर कथित तौर पर नकली आयुर्वेदिक दवाओं की पैकेजिंग, भंडारण और आपूर्ति के नेटवर्क का खुलासा किया है। टीम ने मौके से विभिन्न कंपनियों के नाम के स्टीकर, होलोग्राम, खाली डिब्बियां, बिना लेबल की टैबलेट, पैकेजिंग सामग्री और हीट श्रिंक मशीन समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया। मामले में पुलिस ने फैक्टरी संचालक शिवम पांडेय समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार की तहरीर के मुताबिक, योगीराज आयुर्वेदिक दवा कंपनी, दिल्ली की ओर से जिलाधिकारी ईशा प्रिया के समक्ष नकली और डुप्लीकेट दवाओं के निर्माण, पैकिंग, भंडारण और आपूर्ति की शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद मंगलवार, आठ सितंबर को एसडीएम जलालपुर मधुमिता सिंह, जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव, जैतपुर थाना प्रभारी प्रेमचंद और आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गोपरीचांदपुर निवासी शिवम पांडेय के मकान पर छापा मारा।
जांच के दौरान टीम को न्यू आर्थो पावर के 27,918 स्टीकर और योगीराज के 58,672 एमआरपी स्टीकर मिले। इसके अलावा योगीराज गाउट वटी के स्टीकर, प्रचार सामग्री, होलोग्राम, पैकेजिंग पॉलीथीन, बड़ी संख्या में बिना लेबल की टैबलेट, प्लास्टिक की डिब्बियां और ढक्कन बरामद किए गए। दवाओं की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली हीट श्रिंक मशीन भी मौके से मिली। टीम को श्री श्याम आयुर्वेद भवन, गोरखपुर समेत अन्य कंपनियों के नाम की दवाएं और पैकेजिंग सामग्री भी मिली।
विज्ञापन

पूछताछ में शिवम पांडेय ने टीम को बताया कि बरामद सामग्री शिव चतुर्वेदी, उसके पुत्र उत्तम चतुर्वेदी निवासी चौबुलिया, अहरौला, आजमगढ़ और हरिलाल पांडेय निवासी ऊसर कुड़वा, महराजगंज, आजमगढ़ की ओर से उसके मकान पर भेजी जाती थी। यहां सामान का भंडारण, दवाओं की पैकेजिंग और बिक्री किए जाने की बात सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने शिवम पांडेय, शिव चतुर्वेदी, उत्तम चतुर्वेदी और हरिलाल पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आजमगढ़ में भी छापा
जलालपुर में नकली दवाओं की पैकेजिंग के नेटवर्क का खुलासा होने के बाद जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने आजमगढ़ जिला प्रशासन से वार्ता की। इसके बाद अहरौला और महराजगंज क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन की टीमों ने छापा मारा। वहां भी दवाओं का जखीरा और पैकेजिंग से संबंधित सामग्री मिलने की बात सामने आई है।
ई रिक्शा भी जांच के दायरे में
बरामद सामग्री के परिवहन और दवाओं के प्रचार-प्रसार में इस्तेमाल किए जाने वाले ऑटो ई रिक्शा संख्या यूपी 45 बीटी 3519 को भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली दवाओं की पैकेजिंग और आपूर्ति का नेटवर्क कहां तक फैला है और इसमें कितने लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में दवाओं की आपूर्ति अंबेडकरनगर के अलावा सुल्तानपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, जौनपुर समेत अन्य जिलों में किए जाने की बात सामने आई है।
हो रही कार्रवाई
डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई में आयुर्वेदिक कंपनियों के नाम पर कथित रूप से नकली दवाइयां तैयार करने का खुलासा हुआ है। बड़ी संख्या में दवाइयां और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई है। चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य संचालक व मकान मालिक शिवम पांडेय को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और जांच जारी है।
- मधुमिता सिंह, एसडीएम जलालपुर

जैतपुर के गोपरीचांदपुर गांव में बरामद नकली दवाओं की पैकिंग का सामान । स्रोत सूचना विभाग

जैतपुर के गोपरीचांदपुर गांव में बरामद नकली दवाओं की पैकिंग का सामान । स्रोत सूचना विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें