अंबेडकरनगर। पीलिया, निमोनिया समेत कई अन्य बीमारियों से ग्रसित नवजात के बेहतर इलाज के लिए सीएचसी जहांगीरगंज व कटेहरी में नवजात शिशु इकाई की स्थापना होगी। दोनों सीएचसी में चार-चार वार्मर मशीनें लगाई जाएंगी। एक सप्ताह के अंदर दोनों इकाइयों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। इससे आकस्मिक इलाज के लिए संबंधित क्षेत्र के लोगों को नवजात शिशु को लेकर इधर-उधर की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी।
अकसर प्रसव के बाद नवजात पीलिया या निमोनिया समेत कई अन्य बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। पेट में गंदा पानी पहुंच जाने से सांस न ले पाने की भी समस्या हो जाती है। वहीं कुछ शिशु प्री-मैच्योर (समय से पहले) पैदा होते हैं। ऐसे शिशुओं को इलाज के लिए नवजात शिशु इकाई में भर्ती कर इलाज की जरूरत पड़ती है। वहां नवजात को वार्मर मशीन में रखकर इलाज किया जाता है।
यह इकाई मौजूदा समय में जिला अस्पताल के अलावा सीएचसी टांडा, जलालपुर व बसखारी में ही है। ऐसे में सीएचसी जहांगीरगंज में पैदा होने वाले ऐसे शिशुओं को सीएचसी टांडा या फिर बसखारी जबकि सीएचसी कटेहरी में पैदा होने वाले बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। नवजात को इलाज के लिए लेकर दौड़भाग करने में शिशु व परिजन दोनों को ही समस्या होती है। अगर संबंधित अस्पतालों में भर्ती करने के लिए बेड/मशनी खाली न हो तो ऐसे हालात में मुश्लिकें और बढ़ जाती हैं।
इसे देखते हुए अब सीएचसी जहांगीरगंज व कटेहरी में नवजात शिशु इकाई स्थापित करने का निर्णय सीएमओ कार्यालय ने लिया है। मालूम हो कि सीएचसी जहांगीरगंज में न सिर्फ अंबेडकरनगर बल्कि संतकबीरनगर से भी प्रसव पीड़िताएं पहुंचती हैं। यहां प्रतिमाह औसतन 145 बच्चे पैदा होते हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. उदयचंद्र यादव ने कहा कि इसमें औसतन पांच बच्चों को वार्मर मशीन में रखने के लिए सीएचसी टांडा व बसखारी भेजा जाता है।
इसी प्रकार सीएचसी कटेहरी में प्रतिमाह औसतन 55 बच्चे पैदा होते हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. अंकुश पटेल ने कहा कि इसमें से औसतन सात बच्चों को वार्मर मशीन की जरूरत होती हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जाता है।
सीएमओ कार्यालय के अनुसार सीएचसी जहांगीरगंज व कटेहरी में चार-चार वार्मर मशीन लगाई जाएंगी। इकाई के संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एक सप्ताह के अंदर दोनों ही सीएचसी में इकाई का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे ऐसे नवजात शिशुओं को इधर-उधर ले जाने से राहत मिलेगी ।
एक सप्ताह में शुरू होगा संचालन
सीएचसी जहांगीरगंज व कटेहरी में एक सप्ताह के अंदर नवजात शिशु इकाई का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए जरूरी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ