अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार देर शाम जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने आरसीएच पोर्टल पर जहॉगीरगंज की स्थिति खराब होने के कारण बीपीएम नूरुद्दीन को चेतावनी पत्र देने के निर्देश सीएमओ को दिए। इसके साथ ही उन्होंने जेएसवाई भुगतान की स्थिति खराब होने के कारण जलालपुर के ब्लॉक अकाउंट मैनेजर राजन माथुर, जहांगीरगंज के अनुराग सिंह और भीटी के दिव्यप्रिय श्रीवास्तव का मानदेय रोकने के निर्देश दिए।
इससे साथ ही रिक्त चल रहे आशा, अर्बन आशा और आशा संगिनी के पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के लिए निर्देशित किया। बसखारी की दो एएनएम, प्रशिक्षित आशाओं को पद रिक्त होने पर उन्हें कार्य करने की अनुमति भी बैठक में दी गई। रामनगर मकरहीं की एक आशा को निष्क्रिय करने का प्रस्ताव भी अनुमोदित हुआ। सीडीओ ने सरकारी भवनों में संचालित उपकेंद्रों का एक-दो माह में एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को एनसीडी स्क्रीनिंग के बाद एनसीडी कार्ड देना अनिवार्य होगा। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल, एसीएमओ डॉ. रामानंद, सालिकराम पासवान, डिप्टी सीएमओ डॉ. उदयचंद, डॉ. मनोज सिंह व अन्य मौजूद रहे।