अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जनपद न्यायालय समेत विभिन्न न्यायालयों में किया जाएगा। इस बार जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष चंद्रोदय कुमार की अगुवाई में 60 हजार से अधिक वादों के निस्तारण का लक्ष्य तय किया गया है। लोक अदालत पर न्यायालय आने वाले वादकारियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत मुख्य रूप से दीवानी न्यायालय परिसर अकबरपुर, पारिवारिक न्यायालय, ग्राम न्यायालय आलापुर, जलालपुर, भीटी के अलावा सभी तहसील न्यायालयों व उपभोक्ता फोरम में लगेगी। जनपद न्यायालय परिसर में जिला जज चंद्रोदय कुमार न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह 10 बजे शुभारंभ करेंगे। इसके लिए न्यायालय परिसर के मुख्य हॉल में विभिन्न बैंकों और विभागों की ओर से काउंटर लगाए गए हैं। यहां पर वादकारी अपना पंजीकरण कराकर लोक अदालत में प्रतिभाग कर सकेंगे। बैंकिंग संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए गेट संख्या तीन के निकट हॉल में काउंटर बनाए गए हैं। अलग-अलग बैंकों के प्रतिनिधि चिह्नित वादों का त्वरित निस्तारण कराएंगे। इसमें मुख्य रूप से एनपीए खातों का निस्तारण कराने पर छूट दी जाएगी। वाहनों के चालान संबंधी मामलों को वादकारी बिना वकालत नामा के ही निस्तारण करा सकते हैं।
-
ये वाद होंगे निस्तारित
राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, वैवाहिक एवं पारिवारिक वाद, सर्विस मैटर्स, मोटर दुर्घटना अधिनियम, मनरेगा वाद, व्यापार कर वाद, वजन व मापतौल अधिनियम, वन अधिनियम, उपभोक्ता फोरग वाद, आरबीट्रेशन वाद, आपदा राहत वाद, आयकर वाद, यातायात चालानी वाद, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, बीएसएनएल, भू-राजस्व अधिनियम, विद्युत व जल बिल से संबंधित वाद निस्तारित होंगे।