अंबेडकरनगर। क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त चल रहे तीन पदों पर नौ फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 24 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नौ फरवरी को मतदान कराया जाएगा।
पंचस्थानीय निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त पद पर होने वाले चुनाव के लिए गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई।
जिला पंचायत सदस्य का तो कोई भी पद रिक्त नहीं हैं लेकिन क्षेत्र पंचायत सदस्य के तीन पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें भीटी विकास खंड के लोहजरा, बसखारी के शंकरपुर बिशुनपुर व टांडा विकास खंड के एनवां द्वितीय में पद रिक्त हैं।
इन पदों पर नौ फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 24 जनवरी को दावेदार नामांकन कर सकेंगे। 25 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 27 जनवरी को नाम वापसी के साथ ही इसी दिन चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। नौ फरवरी को मतदान होगा जबकि 10 फरवरी को ब्लाॅक मुख्यालय पर मतों की गणना की जाएगी।
उधर, एडीएम सदानंद गुप्ता ने बताया कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही जिम्मेदारों को आचार संहिता का पालन सख्ती से कराने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी ने उल्लंघन का प्रयास किया तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।