अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में गुरुवार को शासन से 135 नए बेड के साथ ही 115 नए गद्दे उपलब्ध करा दिए गए। इसमें 20 बेड आईसीयू वार्ड के लिए जबकि शेष 115 बेड इमरजेंसी व सामान्य वार्ड के लिए हैं। शुक्रवार से वार्डों में नए बेड लगाया जाना शुरू कर दिया जाएगा।
क्षतिग्रस्त बेड व फटे गद्दे पर मरीजों को भर्ती करने की मजबूरी अब जिला अस्पताल प्रशासन को नहीं होगी। गुरुवार को न सिर्फ जिला अस्पताल प्रशासन बल्कि मरीजों व उनके तीमारदारों ने बड़ी राहत की सांस ली।
दरअसल शासन से जिला अस्पताल को कुल 135 नए बेड के साथ ही 115 नए बेड उपलब्ध हुए हैं। इसमें 20 बेड अत्याधुनिक हैं जो कि आईसीयू वार्ड के लिए हैं जबकि शेष 115 बेड इमरजेंसी के साथ ही सामान्य वार्ड के लिए हैं।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में तीन दर्जन से अधिक बेड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। यहां तक कि 18 बेड वाले इमरजेंसी वार्ड में भी कुछ बेड क्षतिग्रस्त हो गए थे।
ऐसे क्षतिग्रस्त बेडों पर भी मरीजों को भर्ती करना पड़ता था जिससे कभी-कभी असहज सी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती थी। नए बेड की उपलब्धता की मांग लंबे समय से चली आ रही थी जो गुरुवार को पूरी हो गई।
जिला अस्पताल को 135 नए बेड व 115 नए गद्दे मिले हैं। शुक्रवार से नए बेडों को वार्डों में लगाया जाएगा।
-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस