बसखारी। हंसवर थाना क्षेत्र के हंसवर गांव में शुक्रवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने एक हकीम की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात के बाद बदमाश पकड़े जाने से बचने के लिए हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना हंसवर थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई। बाद में शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने अपने साले सहित सात लोगों के विरुद्घ हत्या व साजिश रचने का केस दर्ज कराया है
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह हंसवर गांव में बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। इसके बाद गांव निवासी हकीम अबीबुर्हमान उर्फ पहाड़ी (52) की बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जान बचाने के लिए अबीबुर्हमान बगल में स्थित एक मकान में घुस गए, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने वहां पहुंचकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बदमाशों ने पकड़े जाने से बचने के लिए कई चक्र हवाई फायरिंग कर गांव में दहशत भी फैला दी। इस दुस्साहस के चलते आस पास के लोग सकते में आ गए। ग्रामीण यह हिम्मत नहीं जुटा सके कि बदमाशों की घेराबंदी कर पाएं। बदमाश हकीम की हत्या कर आसानी से फरार हो गए।
बताते चलें कि यह घटना हंसवर थाने के ठीक निकट हुई। क्षेत्र में घटना की खबर फैली तो लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी होते ही एसओ प्रदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में एसपी आलोक प्रियदर्शी, एएसपी अवनीश कुमार मिश्र व सीओ टांडा अमरबहादुर ने घटना स्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि बदमाशों की घेराबंदी के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष हंसवर को विभिन्न पहलुओं पर काम करने का निर्देश दिया।
उधर मृतक के पुत्र आफताब आलम ने अपने साले गांव निवासी मोहम्मद सादाब, मोहम्मद फारुक व अब्दल रहमान उर्फ मंसूर पर अपने पिता की हत्या करने व गांव निवासी मारुफ, मोहम्मद मदनी, अब्दुल्ला व अब्दुल रऊफ पर साजिश रचने का केस दर्ज कराया है। बताया कि उसने आरोपी मोहम्मद सादाब की बहन से दो माह पहले कोर्ट मैरिज कर लिया था। इससे विपक्षी रंजिश रखते थे। इसके चलते ही उसके पिता की उक्त लोगों ने साजिश के तहत हत्या कर दी।