अंबेडकरनगर। ऑफिसर्स हॉस्टल में रह रहे बंदोबस्त अधिकारी के कोरोना पॉजटिव मिलने के बाद गुरुवार को विकास भवन को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया। इसके साथ ही ऑफिसर्स हॉस्टल परिसर के उस आवास को भी सील कर दिया गया, जिसमें वे रह रहे थे।
कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद विकास भवन व ऑफिसर्स हॉस्टल को सैनिटाइज किए जाने का काम शुरू कर दिया गया, वहीं विकास भवन के 120 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों की जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन में न सिर्फ थर्मल स्क्रीनिंग की गई, बल्कि उनके लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।
हास्टल में रह रहे बंदोबस्त अधिकारी कोरोना पॉजीटिव पाए गए। उन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया गया। साथ ही न सिर्फ उनके आवास, बल्कि विकास भवन को भी 48 घंटे के लिए सील कर दिया। गुरुवार को विकास भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया।
नतीजा यह रहा कि विभिन्न कार्याें से आने वालों को मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर होना पड़ा। इस बीच गुरुवार को सफाई कर्मियों की टीम ने विकास भवन को सैनिटाइज करने का कार्य शुरू कर दिया। मुख्य गेट से लेकर प्रत्येक कार्यालय के विभिन्न कक्षों को सैनिटाइज किया गया। यह कार्य शुक्रवार को भी चलेगा। इसके साथ ही आफीसर्स हास्टल के उस आवास को भी सैनिटाइज किया गया, जिसमें जिला चकबंदी अधिकारी रह रहे थे।
उधर, कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि विकास भवन को 48 घंटे के लिए सील कर उसे सैनिटाइज करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही विकास भवन के 120 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों की अकबरपुर नगर स्थित लोहिया भवन में थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही सभी के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।