टांडा। अलीगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत मोहल्ला मुमताजगंज निवासी एक वृद्धा की बुधवार रात प्लास्टिक की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी।
गुरुवार को एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और जरूरी जानकारी प्राप्त की। साथ ही मामले के संबंध में पुलिस को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मुमताजगंज निवासी मदीना खातून (68) पत्नी कमरुज्जमा के घर से बुधवार रात नौ बजे करीब उसके चीखने चिल्लाने की आवाज बाहर लोगों को सुनाई दी। इससे वहां मौजूद नागरिकों में हड़कंप मच गया।
उन्होंने घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से बंद था। कुछ नागरिक बगल के घर की छत से होते हुए उसके घर में उतरे और उस कमरे में पहुंचे, जहां से चीखने चिल्लाने की आवाज आई थी। कमरे का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा हुआ था तथा वृद्धा जमीन पर बेसुध पड़ी हुई थी। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी थी। इस बीच गला घुटने से उसकी मौत हो चुकी थी।
इस बीच टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नैपुरा में रह रहे वृद्धा के भाई जावेद अख्तर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। अलीगंज थाना प्रभारी हीरालाल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रात में ही सीओ अमर बहादुर ने घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। इस बीच गुरुवार को एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया और जरूरी जानकारी प्राप्त की। साथ ही पुलिस को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उधर प्रभारी एसओ हीरालाल यादव ने बताया कि वृद्धा के कोई संतान नहीं है। वह अकेली ही घर पर रहती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। बताया कि प्रथम दृष्टया चोरी के दौरान घटना प्रतीत हो रही है।