अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।-संवाद
अंबेडकरनगर। ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्री परेशान हैं। हर रोज यात्री ट्रेन के निर्धारित समय पर पहुंचते हैं, लेकिन ट्रेनें समय पर नहीं पहुंचतीं। इसके कारण यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर घंटों समय गुजारना पड़ता है।
शनिवार को रेलवे की वेबसाइट से ट्रेनों के आगमन की सही जानकारी न होने पर बड़ी संख्या में यात्री पूछताछ केंद्र पर जानकारी लेते नजर आए। शनिवार को भी दिल्ली, बनारस, पटना, कोलकाता व अन्य महानगरों से आने वाली ट्रेनें घंटों की देरी से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
दून एक्सप्रेस तीन घंटे 32 मिनट की देरी से सवा चार बजे अकबरपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। इसी तरह मऊ एक्सप्रेस तीन घंटे 16 मिनट की देरी से, वाराणसी सिटी साबरमती एक्सप्रेस तीन घंटा की देरी से गंतव्य स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा कोलकाता एक्सप्रेस दो घंटा 25 मिनट, गंगा सतलज एक्सप्रेस एक घंटा 32 मिनट, अप एंड डाउन की फरक्का एक्सप्रेस (15744) एक घंटा 17 मिनट व ट्रेन संख्या (15743) 48 मिनट देरी से पहुंची।
दून एक्सप्रेस (13009) एक घंटा छह मिनट और कोटा-पटना एक्सप्रेस 45 मिनट से स्टेशन पर पहुंची।
ट्रेन का इंतजार कर रहे आजमगढ़ निवासी साज ने कहा कि ट्रेन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। समय पर सही सूचना न मिल पाने से पहले स्टेशन आ गए थे। फिरोजाबाद के रहने वाले साजिद फरक्का एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। बताया कि ट्रेन के निर्धारित समय के हिसाब से स्टेशन आए थे, एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि ज्यादातर ट्रेनें अपने स्टेशन से ही देरी से आ रही हैं।