अंबेडकरनगर में शादी समारोह में फास्ट फूड खाने से 70 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। ये सभी फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। आनन-फानन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वैवाहिक आयोजन में फास्ट फूड खाने के बाद 70 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। इसमें घराती और बराती दोनों शामिल रहे। आधी रात में सभी को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
घटना बेवाना थाना इलाके के मुंगरी गांव की है। स्थानीय निवासी सीताराम की पुत्री का मंगलवार को विवाह था। बरात आने के बाद वहां फास्ट फूड खाने का दौर शुरू हुआ। इसके कुछ देर बाद से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट दर्द के साथ ही उल्टी और चक्कर आने जैसी दिक्कत शुरू हो गई।
एक-एक कर कई लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नजदीकी जाफरगंज स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र ले जाया गया। हालांकि संख्या अधिक होने पर सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां सभी को भर्ती कर उपचार शुरू हुआ। इन सबके बीच जैसे तैसे वैवाहिक रस्म भी निभाई गई।
विज्ञापन
जिला अस्पताल में 69 लोग भर्ती हैं जबकि चार अन्य का इलाज जाफरगंज में किया गया। बीमार लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सीएमएस डॉ ओम प्रकाश ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की वजह से ऐसा हुआ है। सभी लोगों की हालत अब सामान्य है।
एक साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों के फूड प्वाइजनिंग की खबर मिलते ही डीएम अविनाश सिंह, एसपी डॉ कौस्तुभ, एडीएम डॉ सदानंद और सीएमओ डॉ राजकुमार भी जिला अस्पताल पहुंच गए। अधिकारियों ने वहां भर्ती लोगों से बातचीत की। सीएमएस को निर्देश दिया कि पूरी तरह ठीक होने के बाद ही यहां से वापस घर भेजा जाए।
इन्हें किया गया है भर्ती
जिला अस्पताल में मुंगरी की मंजू (22), रमेश (62), शिवांगी (14), राम जियावन (70), शशि (35), अंकित (36), प्रिया (6), ममता (24), अवधेश (11), सुनीता (27), राम बचन (65), राजू (38), सुनील (25), अंजू (18), कमला (48), अवनीश (12),शीला (42), अतुल (5), श्याम सुंदर (18) आदि भर्ती होने वालों में शामिल हैं।