अंबेडकरनगर। यातायात नियमों का पालन करने से ही हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। यह बात शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय से जागरूकता मोबाइल वैन को रवाना करते हुए एआरटीओ वीडी मिश्र ने कही।
21 जनवरी से 20 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को अयोध्या से जागरूकता वाहन एआरटीओ कार्यालय पहुंचा। यहां से हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए एआरटीओ वीडी मिश्र ने अभिभावकों से आह्वान किया कि बच्चों को वाहन की चाबी देते समय उन्हें यातायात नियमों के बारे में न सिर्फ जानकारी दें बल्कि पालन भी कराएं।
एआरटीओ कार्यालय के आरआई बिपिन कुमार ने बताया कि 2 फरवरी तक जागरूकता वाहन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जागरूक करेगा। शुक्रवार को जिला मुख्यालय तो शनिवार को मिझौड़ा, महरुआ व भीटी क्षेत्र में भ्रमण करेगा।