आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर क्षेत्र से मंगलवार सुबह काम के लिए निकले बिजली मिस्त्री उमेश (35) का शव बुधवार सुबह शाहपुर औरांव नहर में मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पत्नी पूनम ने उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ख्वाजेबड़ापुर निवासी उमेश मंगलवार सुबह बिजली का काम करने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों को नहर में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पत्नी पूनम ने शव की पहचान उमेश के रूप में की।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया नहर में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
उमेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो बेटे आदित्य (11) और अभिराज (6) हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चे सदमे में हैं। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में किसी तरह का आरोप-प्रत्यारोप सामने नहीं आया है।